फतेहगंज(बांदा)। जनपद बांदा के थाना फतेहगंज क्षेत्र के ग्राम भदैया निवासी जयकरन ने स्थानीय दरोगा अवधेश शुक्ला व उनके हमराहियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
जयकरन के अनुसार, घटना 8 सितंबर 2025 की शाम लगभग 5:30 बजे की है। वह गांव के बाहर सड़क पर खड़ा था तभी थाना फतेहगंज के दरोगा अवधेश शुक्ला अपने चारपहिया वाहन से हमराही सिपाहियों के साथ पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन गाड़ी में बैठाने लगे। विरोध करने पर दरोगा व सिपाहियों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे जयकरन को गंभीर चोटें आईं और उसके बाएं कान से खून बहने लगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दरोगा व सिपाहियों ने न केवल उसके कपड़े फाड़ डाले बल्कि ट्रैक्टर बनवाने के लिए जेब में रखे 20 हजार रुपये भी छीन लिए। जब पीड़ित की पत्नी व बच्चे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई और अश्लील गालियां दी गईं।
गंभीर चोट लगने के कारण जयकरन घर पर ही इलाज कराता रहा और पुलिस के भय से बाहर नहीं निकला। उसने 10 सितंबर 2025 को अपनी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि घटना का वीडियो और फोटो उसके मोबाइल में मौजूद है। उसने दरोगा अवधेश शुक्ला व हमराही सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




