झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य: 17 से 20 जून तक कई ट्रेनें निरस्त, सफर से पहले जांचें स्टेटस
झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य: 17 से 20 जून तक कई ट्रेनें निरस्त, सफर से पहले जांचें स्टेटस

मुख्य संपादक सीपी सरगम
बांदा। झांसी–मानिकपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के तहत नई रेल लाइन को मौजूदा ट्रैक से जोड़ने, सिग्नल प्रणाली में बदलाव और तकनीकी परीक्षण के चलते 17 से 20 जून तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस अवधि में कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और समय में परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांचने की अपील की है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार
चित्रकूटधाम कर्वी–कानपुर एक्सप्रेस, कानपुर–चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस, मानिकपुर–कानपुर व कानपुर–मानिकपुर मेमू, खजुराहो–कानपुर एक्सप्रेस, प्रयागराज–झांसी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेगा।
वहीं, झांसी–बांदा और बांदा–झांसी मेमू ट्रेनों का संचालन 18 और 19 जून को महोबा तक सीमित कर दिया गया है। इसके अलावा दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस, कानपुर–मानिकपुर मेमू, दुर्ग–कानपुर एक्सप्रेस तथा खजुराहो–कानपुर एक्सप्रेस निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य रेल संरचना को मजबूत बनाने और भविष्य में ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि 21 जून से रेल संचालन सामान्य होने की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।




