बांदा में योग का महाकुंभ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 700 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
सेंट मैरी स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया भाग, ‘Yoga for Healthy Ageing’ थीम पर दिया स्वास्थ्य का संदेश

बांदा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेंट मैरी स्कूल में 700 लोगों ने किया योगाभ्यास
बांदा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तिंदवारी रोड में जिला स्तरीय भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद सहित लगभग 700 लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं योग वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं सचिव समाज कल्याण प्रमोद कुमार उपाध्याय, डीआईजी चित्रकूटधाम राजेश एस, जिलाधिकारी अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल एवं सीडीओ अजय कुमार पांडेय सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य योग प्रशिक्षकों रमेश राजपूत, भरत लाल बारी एवं गीतांजली ने शासन द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि रामकेश निषाद ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
जनपद में 15 से 21 जून तक आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत 60 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सत्येन्द्र पटेल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




