पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
28 फरवरी को अंतिम दर्शन, 1 मार्च को सदगुरु परिसर में होगा अंतिम संस्कार

रामबाबू विश्वकर्मा
सह संपादक
दमदार टीवी न्यूज
*चित्रकूट।* पद्मश्री डॉ. बी के जैन के निधन से चित्रकूट सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के निदेशक एवं ट्रस्टी के रूप में लंबे समय से सेवा दे रहे थे।
ट्रस्ट की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि डॉ. जैन ने अपने जीवन को समाजसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान से लाखों लोगों को नई दृष्टि और जीवन में आशा मिली। उनके मार्गदर्शन में संस्थान ने ग्रामीण और जरूरतमंद मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का उल्लेखनीय कार्य किया।
ट्रस्ट परिवार ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया है।
अंतिम दर्शन और अंत्येष्टि का कार्यक्रम
परिजनों एवं ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डॉ. जैन के अंतिम दर्शन शुक्रवार, 28 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक उनके निवास स्थान, चित्रकूट में होंगे।
अंत्येष्टि संस्कार रविवार, 1 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे सदगुरु परिसर में संपन्न किया जाएगा।
डॉ. जैन के निधन से सामाजिक और स्वास्थ्य क्षेत्र को गहरी क्षति पहुंची है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों एवं नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।




