फतेहगंज किसान मेले में दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, पहलवानों के दांव-पेंच पर झूमे दर्शक
चित्रकूट विधायक अनिल पटेल ‘प्रधान’ ने फीता काटकर किया उद्घाटन, विजेता पहलवानों को किया सम्मानित

*फतेहगंज किसान मेले में दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, चित्रकूट विधायक ने किया उद्घाटन, पहलवानों के दांव-पेंच पर झूमे दर्शक*
फतेहगंज (बांदा)।
फतेहगंज के बजरंगबली प्रांगण में आयोजित छह दिवसीय किसान मेले के अंतर्गत बुधवार को पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन चित्रकूट सदर विधायक अनिल पटेल ‘प्रधान’ ने फीता काटकर किया। मेला समिति द्वारा अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
दंगल प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दर्जन भर से अधिक कुश्तियाँ लड़ी गईं। नरैनी के रामशंकर पहलवान और मऊ टिटिहरा (चित्रकूट) के उमाशंकर पहलवान के बीच हुई कुश्ती दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
विधायक अनिल पटेल ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसान मेला लोक परंपरा और सांझी संस्कृति का प्रतीक है, जहां लोगों का आपसी मेल-मिलाप होता है और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलती है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
किसान मेला जहां स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना, वहीं दंगल प्रतियोगिता ने ग्रामीण अंचल में विशेष उत्साह का संचार किया। पहलवानों के दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष रामकिशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर बाबा साहब वाहिनी के प्रदेश सचिव मान सिंह पटेल, जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी पटेल, बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुमन दिवाकर, मेला प्रबंधक श्रीराम गुप्ता, प्रधान रमेश वर्मा, सचिन पटेल, रामबाबू पटेल और दंगल प्रभारी तीरथदीन पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दंगल में ब्रज गोपाल गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, अर्जुन यादव और सिराज खान ने रेफरी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में गोपीचंद विश्वकर्मा, कमलेश पटेल, अजीम खान, पत्रकार रामबाबू विश्वकर्मा, शिव प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और दर्शक मौजूद रहे।




