सरकार के 9 साल पूरे, पशुपालन पर बड़ा फोकस
पशुपालन ही उन्नति का आधार — डॉ. वैस

आर. बी. विश्वकर्मा
सह संपादक दमदार टीवी न्यूज
बांदा | (21 मार्च 2026 दिन शनिवार) को सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर बांदा के रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन में पशुपालन विभाग की ओर से भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 200 पशुपालकों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जैविक किसान आलोक कुमार ने किसानों को साफ संदेश दिया—“जहर मुक्त खेती ही भविष्य है।” उन्होंने जैविक खेती को रोजगार का मजबूत साधन बताते हुए किसानों को इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवकुमार वैस ने कहा कि सरकार पशुपालकों के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनमें “नंदिनी योजना” खास है, जो डेयरी उद्योग को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने में मदद कर रही है।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार यादव ने पशुओं के सही आहार और बीमारियों से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही पशुपालन में सफलता की कुंजी है।
ग्राम विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने पशुपालकों को नया नजरिया देते हुए कहा कि “दूध के साथ-साथ गोबर भी सोना है।” उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत और घनजीवामृत जैसे उत्पाद बनाकर अतिरिक्त आय बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र सिंह राजपूत, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। अंत में डॉ. रामनरेश उमराव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर, यह कार्यशाला पशुपालकों के लिए नई दिशा और बेहतर आय के अवसर लेकर आई।



