भरतकूप क्षेत्र के जंगल में मिला युवक का शव, परिजनों ने की पहचान, पुलिस जांच में जुटी
जंगल में मिला युवक का शव

भरतकूप क्षेत्र के जंगल में मिला युवक का शव, परिजनों ने की पहचान, पुलिस जांच में जुटी
भरतकूप थाना क्षेत्र के हुड़ा गांव के जंगल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव खाई में पड़ा मिला, जिसकी सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। शव की पहचान राजा भैया पुत्र छीतानी निवासी जरेली कोठी, थाना कोतवाली बांदा के रूप में हुई है।
भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत हुड़ा गांव के जंगल में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम प्रधान मनीराम ने सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव जंगल के अंदर खाई में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस द्वारा शव को जंगल से बाहर निकाला गया और पहचान का प्रयास किया गया। शव की पहचान राजा भैया पुत्र छीतानी, निवासी जरेली कोठी, थाना कोतवाली बांदा के रूप में हुई। मृतक की पहचान उसके पुत्र दीपक कुमार ने अपने परिजनों के साथ की। उन्होंने शव के पास मिले कपड़े, घड़ी, पर्स, आधार कार्ड आदि के आधार पर राजा भैया को पहचाना।
परिजनों के अनुसार मृतक राजा भैया 24 जुलाई 2025 को अमावस्या स्नान के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। इस संबंध में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली कर्वी में दर्ज कराई गई थी।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि युवक की मौत कैसे हुई—यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच जारी है।




