थाना फतेहगंज में 5 मोटरसाइकिलों की नीलामी संपन्न
ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत लावारिस वाहनों को पारदर्शी तरीके से बेचा गया; स्थानीय अधिकारी व ग्राम प्रधान भी उपस्थित।

फतेहगंज (बांदा), 29 सितंबर। पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत थाना फतेहगंज में सोमवार को लंबे समय से खड़े लावारिस और मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किए गए वाहनों की नीलामी संपन्न हुई। इस नीलामी में कुल 5 मोटरसाइकिलों को बोली लगाकर बेचा गया।
जनपद के विभिन्न थानों में वर्षों से खड़े अनुपयोगी वाहन परिसर में जगह घेरकर अव्यवस्था पैदा कर रहे थे। शासन के निर्देशानुसार इन वाहनों को नीलामी के माध्यम से हटाकर न केवल परिसर में स्थान खाली कराया जा रहा है, बल्कि इससे राजस्व की प्राप्ति भी सुनिश्चित हो रही है।
नीलामी पूर्व निर्धारित तिथि और समय पर पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। इच्छुक निविदाकारों ने नियमानुसार भाग लिया और समस्त प्रक्रिया राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार, नायब तहसीलदार अतर्रा राजीव (मजिस्ट्रेट), प्रभारी निरीक्षक थाना फतेहगंज रामकिशोर सिंह के साथ-साथ रमेश वर्मा ग्राम प्रधान डढवा मानपुर, रोजगार सेवक सियादुलारी, नरेंद्र पटेल ग्राम प्रधान बरछा डडिया और अन्य लोग भी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे थानों में सुव्यवस्था बनी रहेगी और शासन को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।




