यूपीलोकल न्यूज़

फतेहगंज थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, तीन हमउम्र युवकों की मौत

तेज रफ्तार बाइक शीशम के पेड़ से टकराई, शराब के नशे में थे सवार

फतेहगंज (बाँदा)। फतेहगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन हमउम्र युवकों की मौत हो गई। मृतक चित्रकूट जनपद के रसिन गांव निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धीरेंद्र उर्फ धीरू (35), राजा बाबू (33) और अर्जुन (32) कालिंजर थाना क्षेत्र के नीबी बिरौना गांव में निर्माणाधीन मकानों की शटरिंग का कार्य देखने बाइक से जा रहे थे। रात करीब 10 बजे पर्यटक मार्ग पर कल्याणपुर गांव के पास कड़ैली नदी तट स्थित नट बाबा स्थान के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से जा टकराई।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी नरैनी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
फतेहगंज थाना प्रभारी आर.के. सिंह एवं उपनिरीक्षक गुलाब चंद्र यादव ने बताया कि बाइक चालक राजा बाबू ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन तीनों युवक शराब के नशे में थे। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक धीरेंद्र अविवाहित थे और अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वहीं राजा बाबू और अर्जुन विवाहित थे तथा अपने परिवार में क्रमशः दूसरे और सबसे बड़े भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नियों, पिता, भाइयों एवं अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!