बांदा मेडिकल कॉलेज में हंगामा—डॉक्टर पर FIR के बाद गेट बंद कर प्रदर्शन, मरीज बेहाल
CMO जांच के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा, मामले की जांच जारी

बांदा। जनपद के मेडिकल कॉलेज में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब 5 वर्षीय बच्ची के इलाज में लापरवाही के आरोप में डॉ. विनीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने एकजुट होकर मेडिकल कॉलेज के सभी गेट बंद कर दिए और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करीब 2 घंटे तक चला, जिसके चलते इलाज के लिए आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट गए, वहीं जो मरीज अंदर थे वे भी गेट बंद होने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
मीडिया से बातचीत में डॉ. विनीत ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि बिना उनका पक्ष सुने ही उन्हें बर्खास्त कर दिया गया, जो पूरी तरह गलत है।
बताया जा रहा है कि 5 वर्षीय मासूम के इलाज में कथित लापरवाही के चलते उसका पैर काटना पड़ा था। इस मामले में सीएमओ की जांच के बाद दो दिन पहले ही डॉ. विनीत के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
हालात बिगड़ते देख मेडिकल कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टरों को समझाया, जिसके बाद सभी गेट खोले गए और स्थिति सामान्य हो सकी।
फिलहाल, यह मामला मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और स्टाफ द्वारा किए गए प्रदर्शन और स्वास्थ्य सेवाओं के ठप होने से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच जारी है।




