समाजसेवी डॉ. अनिल शर्मा ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुँचाया
पचनेही के पास हादसा, समाजसेवी ने दिखाई तत्परता

बांदा। आज दिनांक 11 दिसंबर 2025 को पचनेही के पास सड़क दुर्घटना में महोखर निवासी अरुण पुत्र पप्पू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे बेसुध अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और कान पर गहरी चोटें थीं, जिससे लगातार खून बह रहा था। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ तो इकट्ठा थी, लेकिन घायल को तत्काल अस्पताल पहुँचाने की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
इसी दौरान भिंडौरा के समाजसेवी और ग्राम विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार शर्मा बांदा जा रहे थे। रास्ते में घायल युवक को बेहद नाजुक हालत में देखकर उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और उसकी स्थिति के बारे में आवश्यक जानकारी ली। मौके की गंभीरता को देखते हुए डॉ. शर्मा ने बिना समय गंवाए घायल अरुण को अपनी निजी गाड़ी में बैठाया और सीधे जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार प्रारम्भ किया।
डॉ. शर्मा द्वारा समय पर की गई मानवीय मदद से घायल युवक को उचित इलाज मिल सका। स्थानीय लोगों ने उनके इस संवेदनशील कदम और तत्परता की सराहना की है। समाज में ऐसी मानव सेवा की भावना प्रेरणादायक मानी जा रही है।




