रेलवे ट्रैक पर मिले शव की हुई पहचान, मजदूरी के लिए घर से निकले श्यामलाल पटेल की मौत
मजदूरी के लिए निकले श्यामलाल पटेल की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान फतेहगंज थाना क्षेत्र के लगनहाई (अंश डढवामानपुर) निवासी 40 वर्षीय श्यामलाल पटेल पुत्र बिंदा प्रसाद पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार श्यामलाल पटेल गुरुवार शाम करीब 4 बजे मजदूरी के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद वह लापता हो गए थे। बाद में उनका शव बदौसा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज के मर्चरी हाउस भेज दिया था। सूचना मिलने पर मृतक के बड़े भाई रामनरायण, चचेरे भाई श्यामबाबू और भतीजे सचिन पटेल ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव की पहचान की।
बताया जा रहा है कि श्यामलाल पटेल राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी ऊषा (35), दो पुत्र सोम (15) और हिमांशु (11) तथा एक पुत्री पुष्पा (17) हैं।
बदौसा थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




