संविधान पाठशाला बदौसा में गांधी जयंती पर कार्यशाला
देश भक्ति गीतों और चर्चाओं से गूंजा बदौसा संविधान पाठशाला।

बदौसा(बांदा) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर संविधान पाठशाला बदौसा में यूपी यूथ कार्यक्रम के तहत “संवैधानिक मूल्य–बंधुत्व” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें गरिमा किशोरी समूह बरछा, रमाबाई अंबेडकर किशोरी समूह चर्च रोड बदौसा और शिक्षा किशोरी समूह नदी टोला बदौसा की 40 किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने, केक काटने और सामूहिक राष्ट्रगीत गाने से हुई, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से गूंज उठा।
ग्रीन एण्ड हैपी इंडिया ट्रस्ट की चेयरपर्सन श्रीमती उमा कुशवाहा ने कहा कि गांधी जी ने हमें सत्य, अहिंसा और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। बंधुत्व केवल भाईचारे का प्रतीक नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और सहयोग की भावना है। फैसिलिटेटर रजनी रैकवार ने कहा कि बंधुत्व को समझना ही गांधी जयंती की सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं संतोष कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत बंधुत्व में निहित है।
कार्यशाला के दौरान किशोरियों ने समूह चर्चा, स्लोगन और पोस्टर गतिविधि के माध्यम से भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा बंधुत्व तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।




