भीषण आग से मजदूर का आशियाना राख, 50 हजार नकद समेत गृहस्थी स्वाहा
झाड़ियों में लगी आग ने लिया विकराल रूप, एक बकरी की जलकर मौत; देर से पहुंची दमकल

झाड़ियों से भड़की आग ने मजदूर का घर जलाया, नकदी समेत गृहस्थी राख
बांदा। जनपद के नरैनी तहसील अंतर्गत जमवारा गांव में झाड़ियों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर एक मजदूर का घर जलाकर राख कर दिया। घटना में घर गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न, नगदी और एक बकरी जलकर नष्ट हो गई। सूचना के बाद पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार जमवारा गांव निवासी बहादुर पुत्र परदेशी रैदास खेतों में घर बनाकर परिवार सहित रहता है। मंगलवार को अचानक पास की झाड़ियों में आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए उसके घर तक पहुंच गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों से घिर गया। घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया और महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही पालतू जानवरों को भी रस्सियों से खोल दिया गया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज गर्मी और हवा के चलते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद भी देर शाम तक घर में रह-रहकर आग सुलगती रही। बाद में मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का कार्य किया।
पीड़ित परिवार के अनुसार घटना में बकरियों की बिक्री के रखे करीब 50 हजार रुपये नगद, पांच कुंतल गेहूं, एक-एक कुंतल अरहर व चना, भूसा, कपड़े सहित पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं एक बकरी की जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन किया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की
है।




